हजारीबाग

हजारीबाग महिला थाना में सनसनी, पीड़िता ने परिसर में ही जहर खाकर किया आत्मघाती प्रयास

महिला

Hazaribagh : न्याय की उम्मीद टूटने पर एक युवती नर्स ने महिला थाना परिसर में ही जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश कर ली। घटना से थाने में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी और वहां मौजूद फरियादी दंग रह गए। घटना के तुरंत बाद युवती को गंभीर हालत में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी स्थिति अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप

पीड़िता बड़कागांव थाना क्षेत्र की रहने वाली है और पेशे से नर्स है। उसने आरोप लगाया है कि हरली गांव निवासी विकास कुमार मेहता ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। आरोपी शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस चौथे साल का छात्र है। युवती के अनुसार, पहली घटना हजारीबाग के स्वर्ण जयंती पार्क में हुई, जबकि दूसरी घटना गांव में हुई। जब उसने शादी की बात की तो आरोपी टालने लगा। इसके बाद उसने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन लंबे समय तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

थाना प्रभारी पर लगे गंभीर आरोप

पीड़िता ने महिला थाना प्रभारी पर भी असंवेदनशीलता का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि 8 जुलाई को शिकायत लेकर थाने पहुंची तो उसे यह कहकर लौटा दिया गया कि पार्क में ऐसी घटनाएं आम हैं। परिजनों ने बताया कि आरोपी की मां पहले रिश्ते की बात लेकर घर आई थी, लेकिन बाद में भारी दहेज मांगने लगी। इससे युवती की मानसिक हालत लगातार बिगड़ती गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी विंध्यवासिनी सिन्हा और सदर थाना प्रभारी सुभाष सिंह मौके पर पहुंचे। डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *