कांटाटोली–सिरमटोली फ्लाईओवर का एसडीओ ने किया निरीक्षण, कार्य में तेजी के निर्देश
रांची : कांटाटोली से सिरमटोली को जोड़ने वाले फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को लेकर जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कुमार रजत ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
जमीन अधिग्रहण व ट्रैफिक व्यवस्था पर फोकस
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने भूमि अधिग्रहण, भवन शिफ्टिंग, बिजली-पानी की व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़े कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
एसडीओ ने निर्माण में आ रही समस्याओं को शीघ्र दूर करने पर जोर देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
फ्लाईओवर से मिलेगी यातायात में राहत
जिला प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होते ही क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आम लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
