पलामू

फोरलेन पर हाईवा की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत, NH जाम

पोखराहा चौक पर हादसे के बाद लोगों का फूटा गुस्सा, ओवरब्रिज निर्माण और मुआवजे की मांग

मेदिनीनगर, 25 जून। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र स्थित पोखराहा चौक के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। फोरलेन सड़क पार करने के दौरान एक हाईवा ने स्कूटी को टक्कर मारते हुए चालक को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की हुई पहचान

मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के करार गांव निवासी माजिद आलम (35 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे परिचितों ने शव की पहचान की और परिजनों को जानकारी दी। परिजन मेदिनीनगर के लिए रवाना हो गए हैं।

दुर्घटना के बाद सड़क जाम

हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने घटनास्थल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी उपायुक्त को मौके पर बुलाने, मृतक के परिजनों को मुआवजा देने तथा पोखराहा चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं। लोगों ने स्पष्ट कर दिया कि वे किसी निचले स्तर के प्रशासनिक अधिकारी से बातचीत नहीं करेंगे।

वाहनों की लगी लंबी कतार

सड़क जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्री और वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।

फोरलेन पार करने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार माजिद आलम स्कूटी से मेदिनीनगर की ओर आ रहे थे। पोखराहा चौक के पास फोरलेन सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

लगातार हो रहे हादसों से बढ़ रहा आक्रोश

स्थानीय लोगों का कहना है कि पोखराहा क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। तीन दिन पहले भी एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। उस घटना के विरोध में भी लोगों ने करीब साढ़े तीन घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम रखा था। बताया जा रहा है कि पिछले 15 दिनों में इस क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान जा चुकी है।

ओवरब्रिज की मांग फिर हुई तेज

लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर पोखराहा चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई है। उनका कहना है कि फोरलेन बनने के बाद यातायात का दबाव बढ़ गया है और सुरक्षित पारपथ की व्यवस्था नहीं होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *