जमीन विवाद में सील हुआ स्कूल, 250 विद्यार्थियों की पढ़ाई ठप

बंद विद्यालय के बाहर छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा विभाग से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
देवघर। जिले के सोनारायठाढ़ी प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चांदना को न्यायालय के आदेश पर सील किए जाने के बाद सोमवार को करीब 250 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो गई। सुबह विद्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं ने मुख्य गेट पर ताला लटका देखा तो नाराज होकर विद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द स्कूल खोलने की मांग की।
बीईईओ का घेराव, अभिभावकों ने जताया आक्रोश
विद्यालय बंद होने की सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) अमिताभ झा मौके पर पहुंचे। इस दौरान आक्रोशित छात्रों और अभिभावकों ने उनका घेराव कर बच्चों की पढ़ाई बाधित होने पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की और कुछ समय तक बीईईओ को वहां से जाने नहीं दिया। लोगों का कहना था कि जमीन विवाद का खामियाजा मासूम बच्चों को नहीं भुगतना चाहिए।
पुलिस ने संभाली स्थिति
बीईईओ के घिरने की सूचना पर सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी रोहित दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को शांत कराया तथा बीईईओ को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नीलम कुमारी भी मौके पर मौजूद रहीं। अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों को जल्द समाधान का भरोसा दिया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए विद्यालय के सामने सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी
बीईईओ अमिताभ झा ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में विद्यालय को सील किया गया है, जिससे लगभग 250 विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी विभाग के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
