Home

अफवाह पर बवाल, दो गुट भिड़े… पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Dhanbad : धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के सिंगियाटांड़ गांव में सोमवार सुबह एक अफवाह ने माहौल गर्म कर दिया। गांव में बछड़े का सिर और पैर मिलने की खबर फैलते ही दो समुदाय आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पूरे इलाके में तनाव फैल गया और हालात बिगड़ने लगे।

मौके पर पहुंची पुलिस, फिर भी बढ़ा तनाव

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने खड़े हो चुके थे और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।

थानेदार से धक्का-मुक्की, पुलिस का लाठीचार्ज

स्थिति को संभालने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को और भड़काने की कोशिश की। इसी दौरान थाना प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई और स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सीओ मुरारी नायक और डीएसपी आशुतोष सत्यम मौके पर पहुंचे। बाद में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भी गांव पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

असामाजिक तत्वों की साजिश

डीएसपी आशुतोष सत्यम ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी। हालांकि पुलिस की तत्परता और दोनों समुदायों की समझदारी से बड़ी घटना टल गई। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गांव में पुलिस तैनात, स्थिति नियंत्रण में

फिलहाल सिंगियाटांड़ गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। घटना के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। भाजपा नेत्री तारा देवी भी मौके पर पहुंचीं और निष्पक्ष जांच की मांग की। अभी गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *