झारखंड विस में डीजे और रात 10 बजे के बाद की पाबंदियों को लेकर हंगामा, विपक्ष ने सरकार को घेरा

Ranchi : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र बुधवार को गर्माता हुआ दिखाई दिया। मामला था डीजे बजाने और रात 10 बजे के बाद सार्वजनिक कार्यक्रमों पर लगाई गई पाबंदियों का। जैसे ही यह मुद्दा सदन में उठा, विपक्षी विधायक सीधे सदन के बीचों-बीच (वेल) आकर नारेबाजी करने लगे। इससे कार्यवाही कुछ देर के लिए बाधित हो गई।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के खिलाफ पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय परंपराओं और उत्सवों पर इस तरह की अनावश्यक पाबंदियाँ गलत हैं। विरोध जताने के लिए कई विधायक वेल में आए और सरकार विरोधी नारे लगाने लगे।
मंत्री बोले- मामले को दिया जा रहा गलत रूप
इस बीच संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने स्थिति को संभाला। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामले को गलत रूप दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सवाल किसी एक समुदाय का नहीं है। मंत्री ने कहा, “आज सवाल यह नहीं है कि कोई हिंदू खतरे में है, बल्कि सच तो यह है कि पूरा हिंदुस्तान ही खतरे में है।”
कुछ देर बाद फिर शुरू हुई कार्यवाही
इस घटना के दौरान सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि कुछ देर बाद स्थिति नियंत्रित हुई और कार्यवाही फिर से शुरू की गई।
