हटिया स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 16.9 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

Ranchi : हटिया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नारकोस के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को 16.9 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। बरामद गांजा की कीमत करीब 8.45 लाख रुपए आंकी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल को RPF पोस्ट हटिया और CIB रांची की टीम स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर फुट ओवर ब्रिज के नीचे एक युवक ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध हालत में बैठा मिला।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम विशाल पुरकायत (25) निवासी महराटोली, थाना जगन्नाथपुर, रांची बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से तीन पैकेट गांजा बरामद किया गया। जांच में यह गांजा ही पाया गया, जिसका कुल वजन 16.9 किलोग्राम निकला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह धुर्वा के एक व्यक्ति के कहने पर अंगुल गया था। वहां से उसे दो ट्रॉली बैग दिए गए थे। वह ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस से हटिया पहुंचा, जहां चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। RPF ने उसे गांजा के साथ GRPS हटिया को सौंप दिया है। मामले में NDPS एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे शामिल
इस अभियान में LSI रीता कुमारी, कांस्टेबल अमरेश कुमार, RPF टीम रांची के ASI अनिल कुमार, स्टाफ आरके सिंह और CIB टीम रांची के स्टाफ अरविंद कुमार यादव शामिल थे।
