खेल

आरपीसी मीडिया कप 2026: मयूराक्षी की शानदार जीत, कोयल ने सुपर ओवर में मारी बाज़ी

रांची : रांची स्थित जे.के. क्रिकेट एकेडमी में खेले जा रहे आरपीसी मीडिया कप 2026 के मुकाबले रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहे। टूर्नामेंट के तहत खेले गए पहले और दूसरे मैच में दर्शकों को शानदार बल्लेबाजी, कसी हुई गेंदबाजी और आखिरी ओवर तक चले संघर्ष देखने को मिले।

पहला मैच: मयूराक्षी बनाम औरंगा

पहले मुकाबले में औरंगा और मयूराक्षी की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए औरंगा की टीम ने 16 ओवर में 4 विकेट खोकर 118 रन बनाए। औरंगा की ओर से अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 71 रनों की अहम पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मयूराक्षी की गेंदबाजी में मनोज ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट 35 रन देकर लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मयूराक्षी की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और महज 10.5 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अभिषेक सिन्हा ने 56 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि ओम प्रकाश ने 34 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में औरंगा की ओर से राज कुमार को 1 विकेट मिला। इस शानदार जीत के साथ मयूराक्षी ने मैच 9 विकेट से जीता और अभिषेक सिन्हा को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मैच: कोयल बनाम सकरी

दिन का दूसरा मुकाबला कोयल और सकरी के बीच खेला गया, जो पूरी तरह रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोयल की टीम ने 16 ओवर में 7 विकेट पर 167 रन बनाए। कोयल की ओर से सुमित रॉय ने 62 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि प्रमोद सिंह ने 23 रन जोड़े। सकरी की गेंदबाजी में सुनील सिंह ने 3 विकेट 25 रन देकर झटके, वहीं विधान चंद्रा मिश्रा ने 2 विकेट लिए।

जवाब में सकरी की टीम ने भी जोरदार बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन बना लिए। शाहीन अहमद ने 45 रन, आदिल ने 33 रन और विधान चंद्रा ने 22 रन का योगदान दिया।कोयल की ओर से अशोक गोप ने 2 विकेट 30 रन देकर लिए। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने के कारण मैच सुपर ओवर में पहुंचा, जहां कोयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। इस मैच में बेहतरीन ऑलराउंड खेल के लिए सुमित रॉय को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

आरपीसी मीडिया कप 2026 के ये मुकाबले टूर्नामेंट को और भी रोमांचक बना रहे हैं, जहां हर मैच में खिलाड़ियों का जज्बा और खेल भावना देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *