पूर्वी सिहंभूमि

जमशेदपुर के सब-स्टेशन में लूट, गार्ड को बंधक बनाकर ढाई लाख के उपकरण ले उड़े बदमाश

बर्मामाइंस थाना

Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात से लगाया जा सकता है। टाटा स्टील यूआईएसएल (UISL) के बी-टू सब-स्टेशन में 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर सुरक्षाकर्मी को बंधक बना लिया और करीब ढाई लाख रुपये के कीमती उपकरण लूटकर फरार हो गए। घटना 15 फरवरी की देर रात की है, जबकि इस संबंध में 18 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

गार्ड को बनाया बंधक

यूआईएसएल के मैनेजर अजीत कुमार त्रिपाठी की शिकायत के मुताबिक, देर रात बदमाश सब-स्टेशन पहुंचे और सुरक्षाकर्मी के कमरे का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही गार्ड ने दरवाजा खोला, अपराधियों ने धारदार हथियार दिखाकर उसे काबू में कर लिया। गार्ड को बंधक बनाकर बदमाश पूरे परिसर में घुस गए और वहां रखे कीमती सामानों को खंगालना शुरू कर दिया।

क्या-क्या ले गए बदमाश?

बदमाश सब-स्टेशन से कई कीमती सामान ले उड़े, जिनमें शामिल हैं- कॉपर वायर (तांबे के तार), इलेक्ट्रिक कंट्रोल पैनल के उपकरण और इलेक्ट्रिकल फिटिंग और अन्य स्टेशन मटेरियल। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

तेल चोरी की थी साजिश, टली बड़ी अनहोनी

जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों का असली मकसद ट्रांसफार्मर में मौजूद इंसुलेटिंग ऑयल चोरी करना था। एक ट्रांसफार्मर में उसकी क्षमता के अनुसार 10,000 से 50,000 लीटर तक तेल मौजूद रहता है। बताया जा रहा है कि चोरी के दौरान अचानक स्पार्क यानी चिंगारी निकल गई, जिससे अपराधी घबरा गए। इस दौरान काफी तेल जमीन पर फैल गया, लेकिन बड़ी दुर्घटना टल गई। अगर आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बर्मामाइंस पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इतने संवेदनशील इलाके में 10-12 अपराधी आखिर इतनी आसानी से कैसे घुस गए और वारदात को अंजाम देकर निकल गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *