Home

रिम्स प्रबंधन ने बंद किया खिजुरिया टोली का रास्ता, 50 घरों के लोग हुए प्रभावित

Ranchi : रिम्स के लिए अधिग्रहित भूमि पर बने अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। रिम्स प्रबंधन ने डीआईजी ग्राउंड के समीप खिजुरिया टोली की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया। रास्ता बंद होने से आसपास के लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।

खिजुरिया तालाब के आगे बसे मुहल्ले में लगभग 50 घर हैं। मुहल्ले के प्रवेश द्वार पर स्थित मसना स्थल के पास घेराबंदी के लिए खुदाई शुरू की गई थी, लेकिन स्थानीय निवासियों के विरोध के बाद काम रोक दिया गया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मसना स्थल को घेराबंदी में शामिल नहीं किया जाएगा।

इधर, रिम्स प्रबंधन की ओर से डीआईजी ग्राउंड के चारों तरफ बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए पिलर डालने का कार्य शुरू हो चुका है। रिम्स की जमीन पर बने आनंदम अपार्टमेंट के सभी फ्लैटों की दीवारें तोड़ दी गई हैं। फिलहाल केवल ढांचा बचा है, जिसे भी हटाया जा रहा है।

इसके अलावा आनंदम अपार्टमेंट के आगे स्थित कैलाश कोठी सहित छह अन्य मकानों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *