RIMS-2 बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल, 8 मेडिकल कॉलेजों की भी तैयारी

Ranchi : झारखंड विधानसभा में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन विभाग के बजट पर कटौती प्रस्ताव को खारिज करते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के हर नागरिक को सुलभ, सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अंसारी ने अपने संबोधन की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को नमन करते हुए की और विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछले 25 सालों में नौ मेडिकल कॉलेज खोले गए, जबकि हेमंत सरकार इस साल ही आठ नए मेडिकल कॉलेज खोलने जा रही है।
RIMS-2 का निर्माण इस साल शुरू
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी द्वारा RIMS-2 को लेकर उठाए गए सवालों के जवाब में इरफान अंसारी ने कहा कि इस साल RIMS-2 का निर्माण कार्य शुरू होगा। पहले चरण में 1400 बेड और दूसरे चरण में 2600 बेड का अस्पताल परिसर तैयार होगा। उन्होंने सदन को बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार बुनियादी ढांचे का बड़ा विस्तार कर रही है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र को राजनीति से दूर रखें।
आठ नए मेडिकल कॉलेज का ऐलान
अंसारी ने कहा कि राज्य में कुल आठ नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। पहले चरण में जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में कॉलेज खुलेंगे, जबकि दूसरे चरण में गोड्डा, साहिबगंज और लातेहार में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होगी। इसके तहत प्रत्येक कॉलेज में 500 से अधिक अंडर ग्रेजुएट और 1000 पोस्ट ग्रेजुएट सीटें होंगी। इससे राज्य के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी मजबूत होगी।
हाई-टेक सुविधाओं की घोषणा
अंसारी ने सभी मेडिकल कॉलेज में एमआरआई, 25 हाई-टेक ट्रामा सेंटर, 750 अबुआ मेडिकल स्टोर खोलने की भी घोषणा की। इसके साथ ही रांची के सदर अस्पताल में पहली बार बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा बहाल की जाएगी। सभी जिलों में एनीमिया जांच की सुविधा दी जाएगी और सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2029 तक झारखंड एनीमिया मुक्त राज्य बने। इसके अलावा, आइएएस और आइपीएस अधिकारियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं मंत्री, विधायक और पूर्व मंत्रियों को भी दी जाएंगी। सभी गर्भवती महिलाओं का मुफ्त अल्ट्रासाउंड भी कराया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा और वस्त्र योजना
इरफान अंसारी ने धान खरीद को लेकर भी जानकारी दी। राज्य में पहली बार वन-टाइम धान खरीद की प्रक्रिया शुरू की गई है, और अब तक 80 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही 100 प्रतिशत धान खरीद पूरी कर ली जाएगी। साथ ही, धोती-साड़ी वितरण योजना के माध्यम से गरीबों को वस्त्र भी मुहैया कराया जा रहा है।
