खूंटी में विकास योजनाओं की समीक्षा, राजस्व संग्रहण बढ़ाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
खूंटी, 16 सितंबर । समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बुधवार को नगर पंचायत खूंटी की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नागरिक सुविधाओं, आधारभूत संरचना, राजस्व संग्रहण, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने नगर क्षेत्र में कुल हाउसहोल्ड, पेयजल कनेक्शन, शहरी जल आपूर्ति योजना, होल्डिंग टैक्स समेत अन्य मदों से होने वाले राजस्व संग्रहण की जानकारी ली। उन्होंने होल्डिंग टैक्स सहित अन्य स्रोतों से राजस्व संग्रहण बढ़ाने और इसकी नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही शहरी जल आपूर्ति योजना को और सुदृढ़ करते हुए नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।
नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नियमित अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने नए बस स्टैंड के संचालन को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी और थाना प्रभारी को आपसी समन्वय के साथ शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी बसों और वाहनों का निर्धारित नए बस स्टैंड में ही पड़ाव सुनिश्चित कराने तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बाजारटांड़ क्षेत्र में सड़क किनारे लगने वाले वेंडर मार्केट को व्यवस्थित करने के लिए उपयुक्त ने वैकल्पिक स्थान चिह्नित करने और वेंडरों को वहां शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने नियमित रूप से कचरा उठाव, उचित प्रबंधन और प्रसंस्करण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था की लगातार निगरानी करने तथा संबंधित क्षेत्रों में कचरा निस्तारण के बाद पौधरोपण कर उन्हें हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में एसडीओ दीपेश कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, जुडको के प्रतिनिधि, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।——
