गणतंत्र दिवस परेड-2026: झारखंड के 38 एनसीसी कैडेट्स का हुआ चयन

Ranchi : गणतंत्र दिवस परेड-2026 में झारखंड ने एक बार फिर गर्व का परचम लहराया है। राज्य से कुल 38 एनसीसी कैडेट्स का चयन राष्ट्रीय परेड के लिए किया गया है, जिनमें रांची ग्रुप से 26 और हजारीबाग ग्रुप से 12 कैडेट्स शामिल हैं।
चयनित कैडेट्स रविवार को पटना में आयोजित चयन एवं प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना हुए। कई कैडेट्स कोडरमा स्टेशन से उत्साह के साथ प्रस्थान करते देखे गए। उनके चेहरे पर देशभक्ति और आगे बढ़ने का संकल्प साफ देखा जा सकता था।
इस बार सैनिक स्कूल तिलैया की कैडेट वैष्णवी आनंद पहली लड़की कैडेट हैं, जो राष्ट्रीय परेड में हिस्सा लेंगी। कोडरमा के कैडेट्स रौशन कुमार, अमर साव, अर्जित कुमार, आलोक कुमार, काजल कुमारी और युविका ने अपने-अपने बटालियन कैंपों में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
वैष्णवी आनंद का चयन इस बार का सबसे बड़ा आकर्षण रहा। स्कूल में उनके सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों, शिक्षकों और कैडेट्स ने उन्हें तालियों से सम्मानित किया। वैष्णवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्राचार्य, प्रशिक्षकों और माता-पिता को दिया।
पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता भी चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं देने को कोडरमा स्टेशन पर मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि झारखंड के कैडेट्स लगातार राष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं और उम्मीद जताई कि वे नई दिल्ली में तिरंगे की शान बढ़ाएंगे। एनसीसी गर्ल्स इंस्ट्रक्टर कुसुम कुमारी और बॉयज इंस्ट्रक्टर कृष्णा ने भी चयनित कैडेट्स को मार्गदर्शन और प्रेरणा दी।
