रांची

रातू गैंगरेप मामला: छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में पुलिस की लगातार छापेमारी

रांची, 15 जुलाई। रांची के रातू थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह अपने एक परिचित युवक के साथ रातू गई थी। इसी दौरान युवक के दोस्तों ने उसे बंधक बना लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वारदात में सात से आठ लोग शामिल थे।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 12 जुलाई की है। पीड़िता ने 14 जुलाई की देर शाम रातू थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की और संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी अभियान चलाया।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव गोस्वामी ने बुधवार को बताया कि मामले में अब तक छह आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता के भी संकेत मिले हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

पुलिस ने कहा है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *