रांची विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालयीन वूशु प्रतियोगिता का समापन, सिल्ली कॉलेज ओवरऑल चैंपियन

सिल्ली (रांची)। सिल्ली स्टेडियम के समीप स्थित किसान भवन में शुक्रवार को सिल्ली कॉलेज, सिल्ली के तत्वावधान में आयोजित रांची विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालयीन दो-दिवसीय वूशु (Wushu) प्रतियोगिता का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्ली कॉलेज, सिल्ली ने 8 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं यूकेएस महाविद्यालय, डकरा ने 5 स्वर्ण एवं 1 रजत पदक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री सह बिरसा मुंडा आर्चरी अकादमी के संरक्षक श्री सुदेश कुमार महतो, रांची विश्वविद्यालय के प्रोक्टर सह सिल्ली कॉलेज के सचिव डॉ. मुकुंद चंद्र मेहता, झारखंड वूशु चयन समिति के अध्यक्ष शिवेंद्र दुबे एवं प्राचार्य डॉ. आनंद कुमार महतो ने संयुक्त रूप से सिल्ली कॉलेज को ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की।
द्वितीय स्थान पर रही डकरा कॉलेज की टीम को जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, प्रमुख जितेंद्र नाथ बड़ाइक, झारखंड वूशु चयन समिति के सदस्य चंचल भट्टाचार्य, कुमुद रंजन साहू, अनिल कुमार तथा गूंज के संयोजक जयपाल सिंह द्वारा रनर-अप ट्रॉफी प्रदान की गई।
अन्य महाविद्यालयों का प्रदर्शन
प्रतियोगिता में विभिन्न कॉलेजों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा—
रांची विमेंस कॉलेज: 1 स्वर्ण, 2 रजत, 1 कांस्य
राम लखन सिंह यादव कॉलेज: 2 स्वर्ण
एस.एस. मेमोरियल कॉलेज: 1 रजत, 1 कांस्य
मारवाड़ी कॉलेज: 1 स्वर्ण, 2 रजत
करमचंद भगत कॉलेज, बेड़ो: 1 रजत पदक
खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
सिल्ली कॉलेज के खेल प्रभारी प्रभा मेहता, प्रो. नकुल चंद्र महतो, प्रो. विश्वनाथ मुंडा, प्रो. योगेन्द्र महतो, डॉ. सुकल्याण महतो, वूशु कोच वाहिद अली एवं प्रशांत गोरांई ने विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व उपस्थित सभी लोगों ने भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी. टी. उषा के दिवंगत पति वी. श्रीनिवासन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा।
प्रतियोगिता का उद्देश्य
प्रतियोगिता में रांची विश्वविद्यालय से संबद्ध कुल 10 महाविद्यालयों के 55 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि श्री सुदेश कुमार महतो ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी है।
झारखंड वूशु चयन समिति के अध्यक्ष शिवेंद्र दुबे ने बताया कि चयनित खिलाड़ी जम्मू में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय अंतर-विश्वविद्यालय वूशु प्रतियोगिता में रांची विश्वविद्यालय की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निर्णायक एवं संचालन
प्रतियोगिता में दीपक गोप, विशाल तिर्की, शैलेंद्र नाथ दुबे एवं प्रशांत गोरांई ने निर्णायक एवं रेफरी की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन प्रो. विश्वनाथ मुंडा एवं आर्चरी कोच प्रकाश राम ने किया।
इस अवसर पर प्रो. सुचित्रा महतो, प्रो. मंजुलता कुमारी, प्रो. केशव प्रसाद राय, डॉ. मनोज कुमार, प्रो. कीर्ति भूषण महतो, सुबोध महतो, महोतोष महतो, कलेवर महतो, प्रदीप महतो, श्यामल कुमार दे, निखिल महतो सहित समस्त कॉलेज कर्मी उपस्थित रहे।

