रांची

प्रिनी कांडिर की हैट्रिक से रांची विश्वविद्यालय बना ईस्ट जोन महिला हॉकी चैंपियन

फाइनल में KISS यूनिवर्सिटी भुवनेश्वर को 3-2 से हराया, कई वर्षों बाद रांची विश्वविद्यालय की टीम ने जीता खिताब

सिमडेगा, 7 नवंबर। रांची विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में रांची विश्वविद्यालय ने केआईएसएस (KISS) यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर को 3-2 गोल से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम की जीत की सबसे बड़ी नायिका प्रिनी कांडिर रहीं, जिन्होंने तीनों गोल दागकर शानदार हैट्रिक लगायी।

प्रिनी कांडिर ने दागे टीम के तीनों गोल

फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन प्रिनी कांडिर के बेहतरीन प्रदर्शन ने रांची विश्वविद्यालय को जीत दिला दी। उन्होंने विपक्षी टीम के खिलाफ तीन गोल कर अपनी टीम को 3-2 से जीत दिलाई। इस जीत के साथ रांची विश्वविद्यालय ने ईस्ट जोन की प्रतिष्ठित महिला हॉकी चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

हॉकी झारखंड ने खिलाड़ियों को दी बधाई

रांची विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष आश्रिता लकड़ा, डीजी विजय शंकर सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, कोच और टीम मैनेजर को बधाई दी।

संगठन ने खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ. अनिल बीरेंद्र कुल्लू और रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. सरोज शर्मा को भी विशेष रूप से बधाई दी। हॉकी झारखंड के अनुसार, उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। अंतर-विभागीय और अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

18 खिलाड़ियों ने दिलाया विश्वविद्यालय को गौरव

कई वर्षों बाद रांची विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की है। इसे खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।

विजेता टीम में सलोमी कंडूलना, सोनाली तिर्की, सीता कुमारी, सुशीला कुजूर, सिल्विया नाग और प्रिनी कांडिर समेत कुल 18 खिलाड़ी शामिल हैं। टीम की कोच बिनीता तिर्की और मैनेजर एन्सेलम मिज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *