खेल

1000+ खिलाड़ी और 21 राज्यों की भागीदारी के साथ रांची में होगी 12वीं नेशनल रैंकिंग स्केटिंग चैंपियनशिप

रांची, 15 जून 2026: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है। रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड (RSAJ) के तत्वावधान में 17 से 21 जून 2026 तक खेलगांव स्थित रोलर स्केटिंग स्टेडियम में 12वीं नेशनल रैंकिंग स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 21 राज्यों से 1000 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

चैंपियनशिप को लेकर सोमवार को मोराबादी फुटबॉल स्टेडियम परिसर स्थित रोलर स्केटिंग कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस अवसर पर RSAJ के अध्यक्ष विकास सिंह, सचिव सुमित शर्मा और कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि झारखंड को इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि खेलगांव में स्थित स्केटिंग रिंक पूर्वी भारत की पहली विश्वस्तरीय स्केटिंग सुविधा है, जो राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगी अवसर उपलब्ध कराएगी।

सचिव सुमित शर्मा ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में देशभर के 21 राज्यों से 1000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने झारखंड सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक स्केटिंग रिंक का निर्माण राज्य में इस खेल के विकास को नई दिशा देगा और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में मदद करेगा।

इस आयोजन की विशेष आकर्षण हाल ही में विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले स्केटर्स कृष मिश्रा और अनीश राज होंगे, जो विशेष अतिथि के रूप में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।

चैंपियनशिप में झारखंड के खेल मंत्री, खेल सचिव तथा खेल निदेशक को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे पांच दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का नियमित कवरेज करें, ताकि राज्य के अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित हो सकें।

राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता न केवल झारखंड में स्केटिंग खेल को नई पहचान देगी, बल्कि राज्य को देश के प्रमुख खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में भी स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *