सर सैयद अहमद खान के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता : इरफान अंसारी
रांची: मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सर सैयद अहमद खान का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने शिक्षा के प्रसार के साथ समाज सुधार के लिए जो कार्य किए, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके विचार और शैक्षणिक मिशन आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
डॉ. इरफान अंसारी शनिवार को कडरू स्थित हज हाउस में एएमयू एलुमनाई एसोसिएशन झारखंड की ओर से आयोजित सर सैयद डे कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील
कार्यक्रम में रूस से आए डॉ. अशरफ बतौर विशेष अतिथि शामिल हुए। मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. इमरान अंसारी ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज की तरक्की में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
डॉ. इमरान अंसारी ने कहा कि शिक्षा ही युवाओं को आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।
सर सैयद के शैक्षणिक मिशन पर हुई चर्चा
कार्यक्रम की अध्यक्षता विरासत हुसैन खान ने की। आमिर अनस, तबरेज अजीज और इब्रारुल होदा उर्फ मुनमुन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान अन्य वक्ताओं ने सर सैयद अहमद खान के विचारों, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और उनके शैक्षणिक मिशन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
आयोजकों ने बताया कि एएमयू एलुमनाई एसोसिएशन झारखंड शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार विभिन्न गतिविधियां संचालित करती है। संस्था की ओर से छात्रवृत्ति, करियर काउंसिलिंग और निःशुल्क चिकित्सा शिविर जैसी पहल की जाती है।
अतिथियों और आयोजन समिति के सदस्यों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और आयोजन समिति के सदस्यों को सम्मानित किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।
