रांची

रांची के सभी थानों में कल जन शिकायत समाधान शिविर, SSP राकेश रंजन करेंगे औचक निरीक्षण

रांची: राजधानी रांची के सभी थानों और ओपी में शुक्रवार को जन शिकायत समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। विशेष अभियान के तहत आम नागरिकों की शिकायतें सुनी जाएंगी और संबंधित मामलों के समाधान की दिशा में मौके पर कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान रांची के SSP राकेश रंजन विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह थानों में मौजूद लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी लेंगे।

दोपहर 12 से 3 बजे तक चलेगा कार्यक्रम

पुलिस प्रशासन ने जन शिकायत समाधान कार्यक्रम को लेकर थानावार समय-सारणी और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है। शहर के प्रमुख थानों में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे।

इसके तहत सिटी एसपी पारस राणा चुटिया थाना, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह सदर थाना और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी नगड़ी थाना में मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे।

कई थानों में वरीय अधिकारियों की तैनाती

सहायक पुलिस अधीक्षक, कोतवाली निखिल राय दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक पंडरा ओपी और इसके बाद दोपहर 3 बजे तक हिन्दपीढ़ी थाना में उपलब्ध रहेंगे।

इसके अलावा लोअर बाजार, कांके, सिल्ली, सिकिदिरी, बरियातू, डोरंडा, बुंडू, मांडर और साइबर थाना समेत जिले के अन्य थानों में भी विभिन्न पुलिस उपाधीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिन थानों में वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद नहीं रहेंगे, वहां संबंधित थाना प्रभारी को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतें सुनने और उनके समाधान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने संबंधित थाना या ओपी में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं और जन शिकायत समाधान शिविर का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *