Home

हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रांची के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 13 पदक किए अपने नाम

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में भारतीय ताइक्वांडो महासंघ के तत्वावधान में उत्तराखंड ताइक्वांडो संघ द्वारा आयोजित 42वीं राष्ट्रीय जूनियर एवं 39वीं सब-जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता, 2025 का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। झारखंड टीम का नेतृत्व रांची जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव मिथलेश कुमार सिंह ने किया, जिसमें रांची के खिलाड़ी भी बड़ी संख्या में शामिल थे।

प्रतियोगिता में रांची के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13 पदक अपने नाम किए। इसमें 4 स्वर्ण (गोल्ड), 1 रजत (सिल्वर) और 8 कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक शामिल हैं। यह प्रदर्शन रांची के खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और तकनीकी कौशल को दर्शाता है।

टीम के साथ रांची की ओर से प्रशिक्षक के रूप में चंदन कुमार और रमेश गिरी (JSSPS) शामिल थे, जिन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान आवश्यक मार्गदर्शन दिया। वहीं, प्रियल कुमारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई और विवेक दुबे टीम मैनेजर के रूप में उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता में रांची के खिलाड़ियों की टीम संयोजन और अनुशासन ने भी अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता में शानदार सफलता प्राप्त करने पर रांची जिला ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के अभिभावकों ने विजेता खिलाड़ियों को ढेर सारी शुभकामनाएं और बधाइयाँ दी हैं। संघ के अधिकारियों ने कहा कि रांची के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है और इससे आने वाली पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलेगी।

यह प्रदर्शन न सिर्फ रांची बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गौरव का विषय है, जो यह साबित करता है कि राज्य के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी काबिलियत और हौसले से सफलता के शिखर को छू सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *