रांची

एक भी वोटर न छूटे, मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अभियान तेज करें – CM हेमंत सोरेन

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बुधवार को दूसरे दिन पार्टी के 12 जिलों के पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में हुई इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना, त्रुटियों को ठीक कराना और किसी भी पात्र मतदाता को छूटने नहीं देना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए जागरूकता और भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी जनगणना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने संगठन को बूथ से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करने और हर कार्यकर्ता को तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिवेश में संगठन की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

बैठक में नगर और महानगर कमेटियों को सक्रिय बनाने पर भी जोर दिया गया। वहीं, झामुमो पदाधिकारियों ने SIR के पीछे भाजपा की नीयत और नीति पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि इसके जरिए आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों को प्रभावित किया जा सकता है।

बैठक का संचालन झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने किया। इसमें रांची, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और पूर्वी सिंहभूम के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में झामुमो के वरिष्ठ नेता मथुरा प्रसाद महतो, बैद्यनाथ राम, फागु बेसरा, सुप्रियो भट्टाचार्य, नंद किशोर मेहता, अभिषेक प्रसाद ‘पिंटू’, योगेंद्र प्रसाद, कल्पना सोरेन, मंगल कालिंदी, विकास मुंडा, समीर मोहंती, उमाकांत रजक, अनंत प्रताप देव, सोमेश चंद्र सोरेन और कुणाल षाड़ंगी समेत कई नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *