रांची: एक महीना से अधिक बीत जाने के बाद भी अदिति का नहीं मिला कोई सुराग, बारिश में परिजन और मुहल्ले वासियों ने किया प्रदर्शन

Ranchi: कोकर से लापता 18 माह की अदिति पांडेय का अभी तक कोई पुख्ता सुराग नहीं मिल पाया है. लापता हुए एक माह से ज्यादा हो गया. इससे आक्रोशित लोगों ने रविवार की शाम बारिश में भींगते हुए कोकर चौक जाम कर प्रदर्शन किया. वहीं पुलिस इस मामले में सीसीटीवी खंगालने में लगी हुई, लेकिन अबतक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है. अब अदिति की मां के आंखों के आंसू भी सूख चले हैं. बेटी के इंतजार में आंखें भी पथरा गई हैं. बेटी की तोतली जुबान से बोली गई बातों को याद कर वह अनायास ही पागलों की तरह अचानक रोने लगती है. घरवालों ने बताया कि वे लोग राज्यपाल, सीएम, डीजीपी से मिल कर गुहार लगा चुके हैं. इस संबंध में सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि पुलिस की कई टीमें झारखंड ही नहीं अन्य प्रदेशों में भी गई हुई हैं लेकिन अब तक कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा है.
