झारखंड

रांची को मिलीं 8 ‘नमो जीवन रक्षक’ बाइक एम्बुलेंस, संकरी गलियों में भी पहुंचेगी चिकित्सा सहायता

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सदर अस्पताल में किया लोकार्पण, सात बाइक एम्बुलेंस सदर अस्पताल और एक सेवा सदन को मिलेगी

रांची, 10 अक्टूबर: आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों तक जल्द चिकित्सा सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से रांची को आठ ‘नमो जीवन रक्षक’ यानी ‘रक्षित’ बाइक एम्बुलेंस मिली हैं। रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने शनिवार को सदर अस्पताल परिसर में इन बाइक एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। इनमें से सात बाइक एम्बुलेंस सदर अस्पताल और एक सेवा सदन को दी जाएगी।

हालांकि, इन बाइक एम्बुलेंस को आम लोगों की सेवा में लगाने से पहले आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इनके संचालन से संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और उन स्थानों तक चिकित्सा सहायता पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है, जहां पारंपरिक एम्बुलेंस को पहुंचने में कठिनाई होती है।

आपात स्थिति में समय पर मिलेगी चिकित्सा सहायता

लोकार्पण समारोह में संजय सेठ ने कहा कि आपातकाल में समय पर मिलने वाली चिकित्सा सहायता जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाती है। रांची की भौगोलिक परिस्थितियों और संकरी गलियों को ध्यान में रखते हुए बाइक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरतमंद मरीजों तक जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रयास है कि किसी भी नागरिक को जरूरत के समय चिकित्सा सहायता मिलने में अनावश्यक देरी न हो। बाइक एम्बुलेंस के जरिए प्राथमिक चिकित्सा और मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है।

डीआरडीओ की स्वदेशी तकनीक से लैस है ‘रक्षित’

‘रक्षित’ बाइक एम्बुलेंस को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की ओर से विकसित स्वदेशी तकनीक से लैस बताया गया है। इसे ऐसे स्थानों तक पहुंचने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, जहां सामान्य एम्बुलेंस के लिए रास्ता मिलना मुश्किल होता है। इसमें विशेष ‘पेशेंट-ऑन-बाइक’ व्यवस्था दी गई है, जिससे आपात स्थिति में मरीज को चिकित्सा सहायता देने और उसके परिवहन में मदद मिल सकेगी।

मरीज की स्थिति पर नजर रखने के लिए आधुनिक उपकरण

इन बाइक एम्बुलेंस में मरीज की स्थिति की निगरानी और प्राथमिक उपचार के लिए कई उपकरण उपलब्ध हैं। मल्टी-पैरामीटर पेशेंट मॉनिटर की मदद से एसपीओटू, हृदय गति, तापमान और ईसीजी जैसे मानकों की निगरानी की जा सकती है। इसके साथ ही आपात स्थिति में ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी है।

बाइक एम्बुलेंस में प्राथमिक उपचार किट, चोटिल अंगों को स्थिर रखने के लिए एयर स्प्लिंट और चिकित्सकीय निर्देश के अनुसार नसों के माध्यम से तरल पदार्थ देने के लिए आईवी फ्लूइड की सुविधा भी दी गई है। इन उपकरणों से अस्पताल पहुंचने से पहले मरीज को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

लोकार्पण समारोह में रांची की महापौर रोशनी खलखो, सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र कुमार, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू और उपमहापौर नीरज कुमार मौजूद रहे।

इसके अलावा व्यवसायी पुनीत पोद्दार, न्यूरो चिकित्सक डॉ. संजय कुमार, पंकज पोद्दार, अरुण छावरछरिया, मीनू मोदी, योगेश गंभीर, ऐश्वर्य सेठ, जवाहर तनेजा, कुणाल अजमानी और प्रशांत अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *