रांची नगर निगम व प्रिज्मोलॉइन ने बांटे 100 फलदार पौधे, विद्यार्थियों ने लिया हरित रांची का संकल्प
रांची। पर्यावरण संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के उद्देश्य से बुधवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, बरियातू में रांची नगर निगम एवं प्रिज्मोलॉइन के संयुक्त तत्वावधान में 100 फलदार पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अभियान के सफल आयोजन में रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त एवं सहायक नगर आयुक्त का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य एस.के. मिश्रा थे। वहीं सीएमसी, दिल्ली से राकेश आहूजा एवं एच. डॉट खुराना, प्रिज्मोलॉइन के प्रबंध निदेशक ऋषभ सिंघानिया, निदेशक (एचआर एवं एडमिन) स्नेहा सिंघानिया, जसमीत मेहता, पारस कुमार सिंह, राखी कुमारी तथा समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी उपस्थित रहे। विद्यालय की उप-प्राचार्या सुनीता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों के बीच 100 फलदार पौधों का वितरण किया गया। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे इन पौधों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में लगाकर उनकी नियमित देखभाल करेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को भी जागरूक करेंगे।
पौधा वितरण के बाद आयोजित पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र आज मानव जीवन के सामने गंभीर चुनौती हैं। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना है तो प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी दायित्व निभाना होगा। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है।
अतिथियों ने विद्यार्थियों से स्वयं पौधे लगाने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़ पृथ्वी की सबसे अनमोल धरोहर हैं और इनके संरक्षण से ही प्रकृति का संतुलन बनाए रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं प्रिज्मोलॉइन की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर रंजीत गुप्ता, सुधाकर यादव, रेनू मिश्रा, सुषमा शर्मा, नीलम शर्मा, मिताली सेनगुप्ता, अदिति सिंह, रंपा सेन, अभिमन्यु पाठक, आरती रानी महतो, महेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की जानकारी अमन ने दी।
