रांची

रांची में प्रदूषण पर निर्णायक वार, एंटी-स्मॉग गन से लेकर ग्रीन नेट तक सख्त एक्शन प्लान

बैठक

Ranchi : रांची जैसे तेजी से बढ़ते शहर की जरूरतों को देखते हुए सिटी लेवल इंप्लीमेंटेशन कमेटी ने गैप असेसमेंट कराने का फैसला लिया। यानी यह देखा जाएगा कि प्रदूषण नियंत्रण में अभी क्या-क्या कमी है और उसे कैसे पूरा किया जाए। इसी आधार पर एंटी-स्मॉग गन, पानी के स्प्रिंकलर और मैकेनिकल स्विपिंग मशीन खरीदने के लिए नए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। यह निर्देश सिटी लेवल इंप्लीमेंटेशन कमेटी की 11वीं बैठक में दिए गए। बैठक निगम के प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में की गई। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि इन मशीनों से सड़कों की धूल कम होगी और हवा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

निर्माण स्थलों पर सख्ती, ग्रीन नेट से ढंकना जरूरी
शहर में चल रहे निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। अब सभी निर्माणाधीन भवनों और कंस्ट्रक्शन साइट्स को ग्रीन नेट (ग्रीन शॉट) से ढंकना अनिवार्य होगा। यह कदम नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम की गाइडलाइंस के तहत उठाया गया है। नियमों का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

हरित आवरण बढ़ाने पर जोर
बैठक में शहर में हरियाली बढ़ाने पर भी खास जोर दिया गया। हार्टिकल्चर शाखा को निर्देश दिया गया कि निगम क्षेत्र में ऐसे स्थान चिन्हित किए जाएं जहां ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए जा सकें। प्रशासन का मानना है कि पेड़-पौधे बढ़ेंगे तो प्राकृतिक तरीके से भी वायु गुणवत्ता बेहतर होगी।

एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग के लिए टीम बनेगी
शहर के अलग-अलग इलाकों में वैज्ञानिक तरीके से हवा की जांच करने के लिए रूट प्लान तैयार किया जाएगा। एंबिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग के लिए अलग टीम गठित करने का भी फैसला लिया गया, ताकि नियमित रूप से प्रदूषण स्तर पर नजर रखी जा सके।

ई-व्हीकल और साफ परिवहन को बढ़ावा
बैठक में यह भी तय हुआ कि ई-व्हीकल को बढ़ावा देने और साफ-सुथरी परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम तेज किया जाएगा। उपलब्ध फंड का सही और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान
वायु प्रदूषण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े स्तर पर आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) गतिविधियां चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, रांची वन प्रमंडल और बीआईटी मेसरा के प्रतिनिधि समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

11वीं बैठक में हुई समीक्षा
शहर की परिवेशी वायु गुणवत्ता को सुदृढ़ और नियंत्रित बनाए रखने के उद्देश्य से गठित सिटी लेवल इंप्लीमेंटेशन कमेटी की 11वीं बैठक रांची नगर निगम के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने की। बैठक में अब तक एयर क्वालिटी सुधार के तहत किए गए कार्यों, खर्च और प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे भी वायु गुणवत्ता सुधारने में सहयोग करें, ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *