रांची

रांची: श्री श्याम मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ देवशयनी एकादशी कार्यक्रम, उमड़ी भक्तों की भीड़


रांची: हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 5 बजे मंदिर के पट खुलते ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा हरमू रोड दिनभर “हारे के सहारे की जय” और “जय श्री श्याम” के जयकारों से गुंजायमान रहा।

अलौकिक श्रृंगार और महाआरती

प्रातः 5:30 बजे मंगला आरती के बाद मंदिर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा के सानिध्य में बाबा श्याम का मनमोहक और अनुपम श्रृंगार किया गया। श्रृंगार आरती के बाद भजनों की स्वर लहरियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर की विशेष मान्यता है। जो भी भक्त सच्चे और निस्वार्थ भाव से बाबा के दरबार में अर्जी लगाता है, बाबा उसकी मनोकामना जरूर पूरी करते हैं।

अखंड ज्योति और भव्य भजन संकीर्तन

एकादशी का मुख्य धार्मिक कार्यक्रम रात्रि 9:30 बजे शुरू हुआ। यजमान रंजीत पाठक, बिंदु पाठक, अविनाश ठाकुर और नीलू ठाकुर ने सपरिवार बाबा की अखंड ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद बाबा को केसरिया पेड़ा, रबड़ी, मगही पान और फलों का भोग लगाया गया।

भजन संकीर्तन की शुरुआत मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया ने गणेश वंदना से की। इसके बाद:

  • श्याम सुंदर शर्मा ने गुरु वंदना व हनुमान वंदना प्रस्तुत की।
  • साकेत ढांढनिया ने रानी सती दादी और अनुज मोदी ने भोले बाबा की वंदना की।
  • प्रवीण अग्रवाल एवं महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बाबा श्याम के मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

विशेष सेवाओं का आयोजन

कार्यक्रम के दौरान भक्तों के बीच प्रसाद व फलों का वितरण किया गया। इस दौरान विभिन्न भक्तों द्वारा सेवा निवेदित की गई—जैसे अन्नपूर्णा सरावगी (रबड़ी प्रसाद), मनीष साहू (गिरी गोला), डॉ. एस.एन. लाल (केसरिया पेड़ा), सुभाष व रौनक पोद्दार (मगही पान), और गौरीशंकर प्रसाद (नवीन पोशाक/बागा सेवा)।

सैकड़ों श्रद्धालु रहे उपस्थित

देर रात्रि महाआरती के साथ एकादशी संकीर्तन का समापन हुआ। इस अवसर पर मंडल के उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां, मंत्री पंकज गाड़ोदिया, विष्णु चौधरी, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया, राजेश ढांढनीया, सलज अग्रवाल, कुमार अभिषेक, अनुराग ठाकुर, गरिमा ठाकुर, दिनेश अग्रवाल, कृष्ण शर्मा, यश सुरेका सहित सैकड़ों की संख्या में श्याम भक्त उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *