रांची के क्रिकेटर शिखर मोहन का भारतीय ‘ए’ टीम में चयन, न्यूजीलैंड दौरे पर दिखाएंगे दम
Ranchi Cricket News: रांची जिला क्रिकेट संघ के खिलाड़ी शिखर मोहन का चयन भारतीय ‘ए’ टीम में हुआ है। न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाले चार दिवसीय मैचों के लिए उनके चयन को झारखंड क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
रांची: रांची के युवा क्रिकेटर शिखर मोहन ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रांची जिला क्रिकेट संघ के इस खिलाड़ी का चयन भारतीय ‘ए’ टीम में किया गया है। वह न्यूजीलैंड दौरे पर चार दिवसीय मैचों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से रांची जिला क्रिकेट संघ और राज्य के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
रांची जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारी सचिव शम्भु सिन्हा ने शिखर मोहन के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए इसे संघ और राज्य के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि शिखर ने पिछले कुछ वर्षों में जिला और राज्य स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उनकी मेहनत और प्रदर्शन का ही परिणाम है कि उन्हें भारतीय ‘ए’ टीम में जगह मिली है।
इस वर्ष भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले रांची के तीसरे खिलाड़ी
संघ के अनुसार, शिखर मोहन इस वर्ष रांची जिला क्रिकेट संघ से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। यह उपलब्धि रांची में क्रिकेट प्रतिभाओं को मिल रहे अवसरों और खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाती है।
रांची क्रिकेट एकेडमी से शुरू हुआ सफर
शिखर मोहन ने क्रिकेट की शुरुआती ट्रेनिंग रांची क्रिकेट एकेडमी से ली थी। शुरुआत से ही उन्हें एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी माना जाता रहा है। जिला और राज्य स्तर पर उनके प्रदर्शन ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया और अब उनका चयन भारतीय ‘ए’ टीम में हुआ है।
पिता से मिली क्रिकेट खेलने की प्रेरणा
शिखर मोहन के पिता सूरज मोहन पेशे से वकील हैं। वह अपने समय में अच्छे क्रिकेटर भी रहे हैं। शिखर को क्रिकेट के प्रति प्रेरित करने में उनके पिता की अहम भूमिका रही है। उनकी प्रेरणा और शिखर की मेहनत ने आज उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
रांची जिला क्रिकेट संघ ने शिखर मोहन को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। संघ के पदाधिकारियों और क्रिकेट से जुड़े लोगों ने उनके सफल प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
