रांची सिटीजन फोरम ने महापौर, उप-महापौर व पार्षदों से की मुलाकात, वेंडर्स मार्केट व यातायात सुधार पर दिया जोर

रांची, 16 अप्रैल 2026: रांची नगर निगम कार्यालय में आयोजित पहली निगम बोर्ड बैठक के अवसर पर रांची सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में महापौर रोशनी खलखो, उप-महापौर नीरज कुमार तथा सभी 52 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों को झारखंड पथ विक्रेता (आजीविका संरक्षण एवं विनियमन) नियमावली, 2015, झारखंड पथ विक्रेता (आजीविका संरक्षण एवं विनियमन) योजना, 2017, झारखंड नगरपालिका यातायात प्रबंधन विनियमावली, 2017 एवं नागरिक सुविधाओं पर आधारित पुस्तक भेंट की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम से आग्रह किया कि फुटपाथ दुकानदारों के आजीविका संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और उनके लिए समुचित वेंडर्स मार्केट का निर्माण किया जाए। साथ ही टाउन वेंडिंग कमेटी को सशक्त बनाने, सभी वार्डों में वार्ड समितियों का गठन कर नियमित वार्ड सभाओं के आयोजन तथा रांची शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी बल दिया गया।
फोरम ने सुझाव दिया कि वार्ड स्तर पर जनता की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए योजनाओं का चयन किया जाए, ताकि जनहित से जुड़ी योजनाएं प्रभावी रूप से नगर निगम तक पहुंच सकें।
इस प्रतिनिधिमंडल में रेणुका तिवारी (सचिव), विनोद जैन बेगवानी (कोषाध्यक्ष), हरीश नागपाल (संयुक्त सचिव), मनीष बक्शी, संतोष मृदुला, अमरनाथ चौबे, सुजीत पांडेय एवं क्रॉउन पब्लिकेशन के राजेंद्र आर्या उपस्थित थे।

