रांची में चेन स्नैचिंग गैंग का सरगना रंगीला मुठभेड़ में घायल, तीन गिरफ्तार
रांची, 4 अक्टूबर। राजधानी रांची में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुट्टू गांव के पास रविवार को पुलिस और कथित कोढ़ा गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें गिरोह का कथित सरगना रंगीला पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। मौके से उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को पहले से मिली थी गिरोह की जानकारी
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा के अनुसार, रांची में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। इसके बाद विशेष टीम गिरोह के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य रिंग रोड से सटे चुट्टू इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, सर्विस पिस्टल छीनकर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही आरोपितों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान रंगीला ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीन ली और भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य आरोपितों को भी पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। तीनों से पूछताछ की जा रही है।
10 से अधिक सोने की चेन बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेन छिनतई की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने लालपुर, बरियातू और डोरंडा समेत शहर के कई इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हथियार, 10 से अधिक लूटी गई सोने की चेन और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। अब पुलिस लूटे गए सामान को खपाने वाले लोगों और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
