Home

रामगढ़ में गोला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 120 लीटर शराब और 600 किलो जावा महुआ जब्त

Ramgarh : गोला थाना क्षेत्र के कामता टोला कोलहवा घुटवा स्थित भैरवी नदी किनारे अवैध महुआ शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार सुबह हुई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में महुआ शराब, जावा महुआ और शराब बनाने का सामान जब्त किया। मौके से एक कारोबारी को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अन्य भाग निकले।

एसपी को मिली थी गुप्त सूचना

एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि रामगढ़ एसपी को सूचना मिली थी कि भैरवी नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाई जा रही है। इसके बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम बनाई गई और सुबह करीब 5 बजे छापेमारी की गई। पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वहां मौजूद लोग भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने सिकनी निवासी 27 वर्षीय दशरथ महतो को पकड़ लिया। बाकी आरोपी जंगल और नदी किनारे के रास्ते फरार हो गए।

गोला और आसपास के इलाकों में होती थी सप्लाई

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि सभी लोग मिलकर लंबे समय से शराब भट्ठी चला रहे थे। यहां तैयार होने वाली महुआ शराब को गोला और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाता था। इससे उन्हें अच्छी कमाई होती थी। पुलिस ने जब शराब बनाने और बेचने से जुड़े कागजात मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद गोला थाना में कांड दर्ज किया गया।

क्या-क्या हुआ बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ये सामान जब्त किए:

  • 120 लीटर महुआ देशी शराब
  • 600 किलो जावा महुआ
  • 5 बड़े एल्यूमिनियम तसले
  • 4 नल लगे ब्लू रंग के जार
  • एक बड़ा और एक छोटा पुराना साइकिल

ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई में एसडीपीओ आलोक रंजन, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, संजय कुमार गोराई, बहादुर महतो, तहसीन अहमद, पैंथर मोबाइल दस्ता और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *