Home

राजयोग ध्यान से मिलती है मानसिक शांति और आंतरिक शक्ति : डॉ. पवन वर्णवाल

ब्रह्माकुमारी संस्थान में डॉक्टर्स डे और सीए डे पूर्व सप्ताह पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

रांची, 28 जून। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र, चौधरी बगान (हरमू रोड) में रविवार को डॉक्टर्स डे एवं चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) डे पूर्व सप्ताह के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों और चार्टर्ड एकाउंटेंटों ने आध्यात्मिकता, मानसिक शांति और जीवन मूल्यों पर अपने विचार साझा किए।

राजयोग ध्यान से मिलता है मानसिक संतुलन

मनोचिकित्सक डॉ. पवन वर्णवाल ने कहा कि राजयोग ध्यान चिकित्सकों को मानसिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ मरीजों के प्रति सहानुभूति, संवेदनशीलता और भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण कार्य वातावरण में मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए ध्यान अत्यंत प्रभावी माध्यम है।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कुमकुम विद्यार्थी ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक पेशे से जुड़े लोगों के लिए मानसिक शांति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान में उन्हें सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव हुआ, जो जीवन और कार्य के बीच संतुलन स्थापित करने में सहायक है।

आध्यात्मिकता से मिलती है चुनौतियों से लड़ने की शक्ति

चार्टर्ड एकाउंटेंट संस्थान, रांची चैप्टर के चेयरमैन अनीश जैन ने कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करती है। वहीं संस्थान के सचिव दिलीप कुमार ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि राजयोग का ज्ञान कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास और आंतरिक शक्ति देता है।

रांची चैप्टर के उपाध्यक्ष विवेक खोवाल ने कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को निःस्वार्थ प्रेम, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करती है, जिससे समाज में बेहतर संबंध और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।

समाज निर्माण में पेशेवरों की अहम भूमिका

कार्यक्रम के दौरान केंद्र प्रशासिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने चिकित्सकों और चार्टर्ड एकाउंटेंटों के समाज के प्रति योगदान की सराहना करते हुए उन्हें आगामी डॉक्टर्स डे और सीए डे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करने वाले सभी पेशेवर समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. प्रियंका, डॉ. हिमांशु, सीए शुभम केसरी, सीए श्रृंखला खोवाल सहित अनेक चिकित्सक, चार्टर्ड एकाउंटेंट, ब्रह्माकुमारी संस्थान के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *