झारखंड

जिलाबदर कुख्यात अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 03 अक्टूबर । जिला बदर किए गए कुख्यात अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना को जमशेदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जिलाबदर होने के बावजूद वह चोरी-छिपे पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रवेश कर काशीडीह इलाके में अपने अन्य साथी अपराधकर्मियों के साथ किसी संज्ञेय अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह से सीतारामडेरा की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित पुल के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, दो अक्टूबर को जमशेदपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनारी थाना के सीसीए मामले के तहत जिलाबदर किया गया राजकुमार सिंह उर्फ दाना काशीडीह स्थित दुर्गा मंदिर के आसपास मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया।

इसके बाद साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काशीडीह इलाके में छापेमारी की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजकुमार सिंह उर्फ दाना को पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान राजकुमार सिंह ने स्वीकार किया कि वह जिलाबदर है और पुलिस से बचते हुए चोरी-छिपे पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रवेश किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।

कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस ने बताया कि राजकुमार सिंह उर्फ दाना के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सोनारी थाना में वर्ष 2020 में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इसके अलावा वर्ष 2021 में हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2020 में भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं वर्ष 2022 में हत्या, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, इन मामलों में राजकुमार सिंह के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया जा चुका है। पुलिस अब जिलाबदर आदेश के उल्लंघन और जिले में उसकी मौजूदगी से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *