गर्मी की छुट्टियों में रेलवे का तोहफा, हजारीबाग रोड स्टेशन पर रुकेगी स्पेशल ट्रेन

Dhanbad : रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों की सुविधा और आसान सफर को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने गाड़ी संख्या 03311/03312 धनबाद-चंडीगढ़-धनबाद स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव अब हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पर भी होगा। नए स्टॉपेज की खबर से इलाके के रेल यात्रियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से यात्री इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह वरीय जनसंपर्क अधिकारी, धनबाद मंडल, मनीष सौरव द्वारा जारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। रेलवे का कहना है कि गर्मी की छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
कब चलेगी धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 03311 धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन 24 मई से 12 जुलाई तक प्रत्येक रविवार और गुरुवार को चलाई जाएगी। वहीं गाड़ी संख्या 03312 चंडीगढ़-धनबाद स्पेशल ट्रेन 26 मई से 14 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी। इस ट्रेन के हजारीबाग रोड स्टेशन पर ठहराव मिलने से आसपास के हजारों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। अब यात्रियों को इस ट्रेन में सफर करने के लिए दूसरे बड़े स्टेशनों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खासकर चंडीगढ़, पंजाब और उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा काफी राहत देने वाली मानी जा रही है।
रेलवे ने जारी किया शेड्यूल
ट्रेन संख्या ट्रेन का नाम परिचालन के दिन अवधि
03311 धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल रविवार और गुरुवार 24 मई से 12 जुलाई
03312 चंडीगढ़-धनबाद स्पेशल मंगलवार और शनिवार 26 मई से 14 जुलाई
