रांची

होली पर रेलवे का बड़ा तोहफा : झारखंड से यूपी-बिहार-राजस्थान के लिए स्पेशल ट्रेनों का ऐलान

रेलवे

Ranchi : होली में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने रांची से तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यदि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होती है तो अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन पर भी विचार किया जाएगा।

रांची रेल मंडल से होली के अवसर पर रांची–गोरखपुर–रांची, रांची–अजमेर–रांची और रांची–जयनगर–रांची स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। वहीं, टाटानगर रेल मंडल से टाटानगर–किशनगंज–टाटानगर और टाटानगर–बक्सर–टाटानगर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई है। इन ट्रेनों से झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि होली के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर, छात्र और नौकरीपेशा लोग अपने गृह नगरों की ओर रवाना होते हैं, जिससे ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ देखने को मिलती है। इसी को ध्यान में रखते हुए हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

टिकट जांच अभियान भी हुआ तेज

यात्रियों की सुविधा और रेलवे नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची रेल मंडल द्वारा विशेष टिकट जांच अभियान भी चलाया जा रहा है। गुरुवार को बानो रेलवे स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट विजय कुमार यादव के नेतृत्व में सघन टिकट जांच और जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

इस अभियान में तीन मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 14 टिकट जांच कर्मी, 13 आरपीएफ जवान और छह जीआरपी कर्मी तैनात रहे। अभियान के दौरान गोरखपुर–संबलपुर, जम्मूतवी–संबलपुर, जयनगर–राउरकेला, हटिया–झारसुगुड़ा मेमू और पुरी–हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की जांच की गई।

जांच के दौरान बिना टिकट या अनधिकृत रूप से यात्रा कर रहे 151 यात्रियों को पकड़ा गया। इसके अलावा बिना बुक किए सामान ले जाने समेत कुल 250 मामलों में कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से स्पेशल ट्रेनों और सघन जांच अभियानों को संचालित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *