रांची

रांची में रेलवे संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, केबल समेत 4 गिरफ्तार

RPF

Ranchi : रांची रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे संपत्ति चोरी के मामले का खुलासा किया है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर RPF की टीम लगातार सतर्कता बरत रही थी। इसी दौरान मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

PRS भवन में तोड़फोड़ से शुरू हुआ मामला

15/16 मार्च 2026 की रात PRS कार्यालय, रांची (रेलवे कोर्ट के पास) की खिड़की तोड़े जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद RPF पोस्ट रांची में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

परित्यक्त क्वार्टर में चल रही थी चोरी

17 मार्च को RPF और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर रेलवे कॉलोनी स्थित एक खाली रेलवे क्वार्टर में छापेमारी की। वहां 5 लोग रेलवे के बिजली केबल काटते और उसका इंसुलेशन हटाते हुए रंगे हाथों पकड़े गए।

मौके से चोरी का सामान बरामद

छापेमारी के दौरान रेलवे का करीब 42 मीटर बिजली केबल, 2 हेक्सा ब्लेड और 1 पेपर कटर बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पंप हाउस का ताला तोड़कर पहले भी केबल चोरी की थी और PRS भवन में चोरी की कोशिश की थी।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक किशोर भी शामिल

गिरफ्तार आरोपियों में साहिल कच्छप (21), कृष्णा मुंडा (21), अनुज टोप्पो (24) और लव मुंडा (24) शामिल हैं। इनके अलावा एक 16 वर्षीय किशोर को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपी चुटिया थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

मामला दर्ज, जांच जारी

सभी आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की भी जांच में जुटी है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *