प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रघुवर दास ने दिव्यांगों में बांटे कृत्रिम अंग
पूर्वी सिंहभूम, 17 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को हेल्प क्रॉस सोसाइटी और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की ओर से सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। परसोडीह स्थित सदर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, हियरिंग मशीन, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल सहित कई प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। सहायता सामग्री मिलने से लाभुकों में खुशी देखी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल हुए और उन्होंने दिव्यांगजनों के बीच उपकरणों का वितरण किया। मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में देशसेवा के प्रति उनका समर्पण लगातार देखने को मिला है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़कर जरूरतमंदों की सहायता करना समाज के लिए सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के मुताबिक कृत्रिम अंग और अन्य उपकरण मिलने से दैनिक जीवन में उनकी कठिनाइयां कम होंगी तथा आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम के सांसद विद्युत वरण महतो, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, सरदार शैलेंद्र सिंह, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. एके लाल और सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थेे। हेल्प क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष कुलवंत सिंह बंटी और अध्यक्ष बीके शर्मा के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
