रांची

किसानों को समय पर दाम और मजबूत बाजार व्यवस्था देना सरकार की प्राथमिकता : सीएम

Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड विधानसभा परिसर में सिद्धो–कान्हो कृषि एवं वनोपज राज्य सहकारी संघ लिमिटेड (सिद्धकोफेड) के निदेशक मंडल की चौथी बैठक हुई। बैठक में कृषि और वनोपज से जुड़ी योजनाओं, किसानों की आय बढ़ाने, प्रशिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ करने और डिजिटल सुविधाओं को मजबूत बनाने जैसे कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेती और वनोपज से आमदनी बढ़ाने की बड़ी संभावनाएं हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को फसलों का उचित मूल्य समय पर मिले और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।

किसानों को समय पर भुगतान हो, मनोबल बढ़े

सीएम ने कहा कि सरकार किसान को खेती के हर चरण में सहयोग दे रही है। उत्पादन से लेकर भंडारण, प्रसंस्करण और बिक्री तक उन्हें हर तरह से सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य समय पर मिलना जरूरी है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने जल संरक्षण पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चेक डैम और ग्रामीण जल संरचनाओं की देखरेख स्थानीय किसानों के समूह या जलसहिया समितियों को सौंपी जाए, ताकि जिम्मेदारी भी तय हो और पानी का बेहतर उपयोग भी हो सके।

किसानों के लिए मोबाइल ऐप और कृषि पोर्टल बनेगा

बैठक में सीएम ने एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार करने का निर्देश दिया। यह ऐप किसानों को बाजार की जानकारी, फसल से जुड़ा अपडेट, बीज और अन्य संसाधनों की उपलब्धता जैसी सुविधाएं एक ही जगह देगा। उन्होंने विभाग को एक स्थानीय कृषि पोर्टल भी विकसित करने को कहा, ताकि उपभोक्ता सीधे किसानों से उत्पाद खरीद सकें। इससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों की कमाई बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने लाह, इमली, चिरौंजी, महुआ, कोदो-कुटकी, करंज, तसर और रेशम जैसे स्थानीय वनोपजों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों के बेहतर प्रसंस्करण और विपणन से ग्रामीण और जनजातीय समुदायों की आमदनी बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *