Home

ओवरब्रिज बनाने और हाइवे निर्माण पूरी होने तक टोल वसूली पर रोक लगाने को लेकर धरना प्रदर्शन

पलामू, 30 जून । पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सदर प्रखंड के पोखराहा और जोड़ में ओवरब्रिज बनाने और हाइवे निर्माण पूरा होने तक जोरकट में टोल वसूली पर रोक लगाने को लेकर मंगलवार दोपहर एक बजे तक पोखराहा में धरना प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पांकी विधायक डॉ शशि भूषण मेहता शामिल हुए। धरना प्रदर्शन के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा गया।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पांकी विधायक डॉ शशि भूषण मेहता ने कहा कि पोखराहा में पांकी-डालटनगंज मुख्य मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग 39 का क्रासिंग हादसों के लिए काफी खतरनाक हो गया है। ब्लैक स्पॉट बन चुका है। यहां से हर दिन भारी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है और हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी महीने तीन लोगों की मौत हो गई।

ऐसे में यहां से सफर करने में भय के साथ-साथ असुरक्षा की स्थिति बनी रहती है। इसे लेकर प्रशासन के प्रति लोगों में भारी आक्रोश बना हुआ है। इसी नेशनल हाईवे पर जोड़ गांव में डालटनगंज-पाटन के क्रासिंग पर भी सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन दोनों जगह पर ओवरब्रिज निर्माण की विशेष जरूरत है।

विधायक ने यह भी कहा कि नेशनल हाईवे का निर्माण जब तक पूरा नहीं हो जाता तब तक जोरकट स्थित टोल प्लाजा पर वाहनों से टैक्स नहीं लिया जाए। धरना प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और विधायक के समर्थक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *