रांची

निजी स्कूलों की फीस वृद्धि पर लगेगी लगाम, 13 अप्रैल को डीसी करेंगे बैठक

निजी स्कूलों की फीस वृद्धि पर लगेगी लगाम, 13 अप्रैल को डीसी करेंगे बैठक

Ranchi : रांची में निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस बढ़ोतरी पर रोक लगाने के लिए जिला स्तर पर शुल्क समिति का गठन किया गया है. इस समस्या पर 13 अप्रैल को निजी स्कूलों के प्रिंसिपलों के साथ डीसी मंजूनाथ भजंत्री बैठक करेंगे. बैठक में समिति के गठन, उसकी कार्यप्रणाली और स्कूलों द्वारा फीस तय करने और बढ़ाने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा होगी.

बैठक रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में दोपहर एक बजे होगी. बैठक में आरटीई एक्ट के तहत कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के नामांकन में निजी स्कूलों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी विचार किया जाएगा.

शुल्क समिति ने हाल ही में फीस वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किये हैं. इसके तहत फीस में अधिकतम 10 प्रतिशत तक ही बढ़ोतरी की अनुमति दी गयी है.पूरी फीस संरचना को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है.

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आरटीई के तहत आवेदन प्रक्रिया 16 फरवरी से 22 मार्च तक चली थी. जिले के 117 निजी स्कूलों में 1161 आरक्षित सीटों के लिए आवेदन मांगे गये थे. पोर्टल पर कुल 1499 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अभिभावकों ने 3908 सीटों को अपनी प्राथमिकता में शामिल किया.

फिलहाल दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया जारी है. कुछ आवेदन ऐसे मिले हैं जिन्हें पढ़ा नहीं जा पा रहा है, ऐसे अभिभावकों को मूल दस्तावेजों के साथ विभाग बुलाया गया है. सत्यापन पूरा होने के बाद 15 अप्रैल तक लॉटरी प्रक्रिया समाप्त कर दी जाएगी, जिससे नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *