झारखंड

मुख्यमंत्री सोरेन की मां के निधन पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख, परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदना

रांची, 8 अक्टूबर । झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट कर रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संथाली भाषा में एक्स पर गुरुवार को पोस्ट कर रूपी सोरेन के निधन पर दुख जताया। उन्होंने रूपी सोरेन के जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों को याद किया और उनके निधन को दुखद बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि शोक की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके परिजनों के साथ हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “रूपी सोरेन जी के निधन से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने सदैव जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण के लिए कार्य किए। शोक की इस घड़ी में हेमंत सोरेन जी, कल्पना जी और उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।

प्रधानमंत्री के शोक संदेश में रूपी सोरेन के सामाजिक योगदान के साथ-साथ सोरेन परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई है। उन्होंने इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताई है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झामुमो संस्थापक दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का किडनी फेल होने के कारण बुधवार रात करीब 8:40 बजे बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया ।

वे करीब 75 वर्ष की थीं। उनका इलाज कर रहे डॉ. नितेश प्रिया ने बताया कि वे दो साल से किडनी रोग से पीड़ित थीं। उनके निधन पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा-बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं। आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गईं।

उनके निधन की सूचना मिलते ही झामुमो समेत विभिन्न दलों के नेताओं का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया था। वे मुख्यमंत्री को ढांढस बंधाते रहे। रात करीब 10 बजे उनका पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित स्व. शिबू सोरेन के आवास पर लाया गया था। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को सुबह नौ बजे तक मोरहाबादी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम यात्रा शुरू होगी, जो सड़क मार्ग से ओरमांझी-गोला होते हुए नेमरा जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *