रांची

नगरपालिका निर्वाचन 2026 को लेकर तैयारियों की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए निर्देश

रांची, 28 जनवरी । नगरपालिका निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आचार संहिता का पूर्ण पालन करते हुए निष्पक्षता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कोषांग अपने दायित्वों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करे, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और भरोसेमंद हो।

उपायुक्त ने कहा कि चुनाव की सफलता के लिए सभी कोषांगों के बीच बेहतर समन्वय, सतत समीक्षा और त्वरित निर्णय आवश्यक है। बैठक में मतदाता जागरूकता पर विशेष जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न प्रचार माध्यमों के माध्यम से अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत हो सके। समीक्षा के दौरान निर्वाचन, कार्मिक, मतपत्र-मतपेटिका, सामग्री, परिवहन, विधि-व्यवस्था एवं आचार संहिता, हेल्पलाइन एवं जनशिकायत, प्रेक्षक, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, सूचना तकनीकी एवं नियंत्रण कोषांगों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में निर्वाचन कोषांगों के कई वरीय प्रभारी पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *