गिरिडीह में साइबर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, तीन शातिर गिरफ्तार

गिरिडीह : गिरिडीह में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान और तेज कर दिया है। पुलिस कप्तान डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर लगातार छापेमारी की जा रही है और इसी कड़ी में एक बार फिर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पूरे मामले की जानकारी पुलिस ने पुलिस लाईन पपरवाटांड़ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी, जहां अधिकारियों ने साफ कहा कि साइबर ठगी पर लगाम लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम लोग ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रह सकें।
तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार
पुलिस कप्तान डॉ. बिमल कुमार ने मीडिया को बताया कि सीएसपी (साइबर) आबिद खान की टीम के जरिए बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम आशीष मंडल, रंजीत कुमार मंडल और रामेश्वर मंडल हैं। पुलिस के अनुसार ये तीनों अलग-अलग साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में शामिल थे और तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को अपना शिकार बनाते थे।
बरामदगी : मोबाइल और सिम कार्ड
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने तलाशी के दौरान अहम बरामदगी की है। टीम ने उनके पास से 04 मोबाइल फोन और 05 सिम कार्ड जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार इन मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी और साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देने में किया जा रहा था। बरामद किए गए सामान की जांच की जा रही है, ताकि ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।
