रामगढ़ में राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का शिकंजा, छह अपराधी गिरफ्तार

रामगढ़ : रामगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय अपराधी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए राहुल दुबे गैंग के छह गुर्गों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कुज्जू क्षेत्र के व्यवसायी डब्बू सिंह के घर हुई गोलीबारी और रंगदारी के मामले में की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के दो कुख्यात शार्प शूटर भी शामिल हैं, जिन्हें रांची के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी की हत्या की सुपारी दी गई थी।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि बीते 5 जनवरी को कुज्जू ओपी क्षेत्र के नयामोड़ निवासी व्यवसायी डब्बू सिंह के आवास पर रंगदारी नहीं देने के कारण अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की थी। घटना के बाद अपराधियों ने मौके पर राहुल दुबे गिरोह के नाम से धमकी भरा पर्चा भी छोड़ा था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अजय कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि यह वारदात राहुल दुबे और सत्यम शुक्ला उर्फ आशीष शुक्ला के इशारे पर अंजाम दी गई थी।
13 जनवरी को पुलिस ने एनएच-33 पर भोजपुर ढाबा के पास जाल बिछाकर पहले आरोपी नकुल कुमार चौहान उर्फ बिजली को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर इमामबाड़ा श्याम सरोवर ढाबा के पास जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर पांच अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नकुल कुमार चौहान, राज कुमार, मुकेश करमाली, रंजीत साव, जयेशपाल और सन्नी सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से तीन हथियार सहित अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जयेशपाल और सन्नी सिंह उत्तर प्रदेश के कुख्यात शूटर हैं, जिनका आपराधिक इतिहास रहा है और यूपी पुलिस के साथ मुठभेड़ का रिकॉर्ड भी मौजूद है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
