हजारीबाग

पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार

हजारीबाग, 07 जुलाई । हजारीबाग पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई गिद्दी थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने उनके पास से एक सफेद स्कॉर्पियो, एक अवैध लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 06 जुलाई की रात हजारीबाग एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी।

इसमें बताया गया था कि कुछ अपराधी हथियारों के साथ एक सफेद स्कॉर्पियो से गिद्दी और मांडू के रास्ते हजारीबाग आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने गिद्दी से मांडू जाने वाले मार्ग पर कनकी मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक सफेद स्कॉर्पियो आती दिखी।

पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी और उसमें सवार लोग भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दो व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से लोडेड पिस्टल और कारतूस बरामद हुए।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मोहित सिंह उर्फ कुणाल (19) और भोला उर्फ ओम प्रकाश पाल (34) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य होने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे क्षेत्र में रंगदारी, लूट, फिरौती और दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

एसपी अमन कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपित मोहित सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी दिसंबर 2025 में उरीमारी में फायरिंग और जनवरी 2026 में हथियार के साथ जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने जून 2026 में गिद्दी सीओ चेकपोस्ट पर भी फायरिंग की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *