Home

ईएसआईसी अस्पताल में नशामुक्ति समाज निर्माण करने का लिया संकल्प

रांची, 26 जून । अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग और अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर ईएसआईसी मॉडल हॉस्पिटल, रांची में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

आमजनों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किए जाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने के उद्धेश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड में नशे के खिलाफ व्यापक मुहिम चलाने का निर्णय लिया गया। नशामुक्त समाज के निर्माण और जनजागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर एफएमटी विभाग के डॉ अभिषेक कुमार ने कहा कि मादक द्रव्यों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और देश को भी प्रभावित करता है। इसके कारण स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक संबंधों पर प्रतिकूल असर पड़ता है।

मौके पर साइकियाट्री विभाग की डॉ अभीप्सा ने कहा कि युवाओं में बढ़ता तनाव, जिज्ञासा और गलत संगति नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा देती है। उन्होंने लोगों से नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी में शामिल असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाती है तथा उपयोगी सूचना पर सरकार की ओर से एक लाख रुपये तक के पुरस्कार का प्रावधान है।

कार्यक्रम में डीन-इन-चार्ज डॉ सामंथा, डॉ श्वेत निशा, डॉ श्वेता कुणाल, डॉ मंटू, डॉ सृष्टि और डॉ कश्मीरा सहित चिकित्सक, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *