7वीं झारखंड राज्य वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता सम्पन्न : जूनियर, यूथ एवं सीनियर वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
रांची: मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित वेटलिफ्टिंग हॉल में आयोजित 7वीं झारखंड राज्य वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जूनियर, यूथ एवं सीनियर—तीनों वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें झारखंड के उभरते व अनुभवी खिलाड़ियों ने अपनी शक्ति, तकनीक और खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों द्वारा विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी श्रीमती पुष्पा हस्सा, झारखंड वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के डॉ. निशिकांत पाठक, आयोजन सचिव श्री शिवेंद्र दुबे, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के मुख्य संयोजक श्री धीर सेन सोरेंग सहित शैलेन्द्र पाठक, कन्हैया गुज्जर एवं निशित कुमार निशांत समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. निशिकांत पाठक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि झारखंड में वेटलिफ्टिंग खेल के विकास की अपार संभावनाएँ हैं और राज्य के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में प्रदीप सिंह, महेश कुमार, कुणाल दीप, रंजीत मिश्रा, रेशमा कुमारी, श्रीमती पूनम मिश्रा, भदोनाथ एवं भीम मंजीत कौर सहित अन्य तकनीकी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
