‘कॉल उठा लो, नहीं तो घर तक पहुंचेंगे’… ट्रांसपोर्टरों को कुख्यात राहुल दुबे की खुली धमकी

Hazaribagh : हजारीबाग जिले में एक बार फिर ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को धमकी देने का मामला सामने आया है। इस बार अमन साहू गैंग कुख्यात के राहुल दुबे का नाम उछला है। राहुल दुबे के नाम पर ट्रांसपोर्ट से जुड़े कारोबारियों को फोन और मैसेज के जरिए डराने की कोशिश की है। इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में ट्रांसपोर्टरों के बीच खौफ है। धमकी भरा मैसेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल मैसेज के अनुसार बड़कागांव से बानादाग और चट्टी बरियातू से बचरा साइडिंग तक कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम करने वाले कुछ ट्रांसपोर्टरों को धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। संदेश भेजने वाले ने खुद को राहुल दूबे गैंग का प्रकाश शुक्ला बताया है। वायरल मैसेज का आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
गैंग से संबंध बनाने की दी चेतावनी
धमकी भरे मैसेज में ट्रांसपोर्टरों से कहा गया है कि वे गैंग से संबंध बनाकर काम करें। मैसेज में यह भी लिखा गया है कि उनका ट्रांसपोर्टिंग काम चलता रहे, यही वे लोग भी चाहते हैं। लेकिन अगर संबंध नहीं बनाए गए तो वे लोग “अच्छे से समझाना जानते हैं”। मैसेज में यह भी दावा किया गया है कि हजारीबाग और सिमरिया में ट्रांसपोर्टरों के काम और घर की जानकारी उन्हें पहले से है।
कॉल नहीं उठाने पर दी खुली धमकी
एक अन्य मैसेज में छोटू सिंह नाम के व्यक्ति को सीधे धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि फोन नहीं उठाकर वह क्या साबित करना चाहता है। मैसेज में चेतावनी दी गई कि अगर अगले दिन दोपहर 12 बजे तक कॉल नहीं उठाया गया तो सिमरिया स्थित उसके घर तक पहुंच जायेगा। मैसेज में यह भी लिखा गया है कि जिसके बल पर वह उछल रहा है, उसे भी गोली का मतलब पता है। मैसेज में ट्रांसपोर्टिंग काम में जुड़े मुन्ना सिंह और छोटू सिंह का नाम लिया गया है।
ट्रांसपोर्टरों में बढ़ी चिंता
इस तरह के मैसेज सामने आने के बाद ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों में डर का माहौल है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि इस तरह की धमकियां मिलने से कामकाज प्रभावित होता है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाती है।
