Home

रोड़ो कुबाटोला में पीसीसी सड़क का उद्घाटन, ग्रामीणों को आवागमन में मिली बड़ी राहत

खूंटी, 20 जुलाई । मुरहू प्रखंड की बिंदा पंचायत अंतर्गत रोड़ो कुबाटोला में विधायक मद से निर्मित पीसीसी सड़क का उद्घाटन सोमवार को खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने फीता काटकर किया। सड़क निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिली है, विशेषकर बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से राहत मिली है।

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति इतनी खराब हो जाती थी कि बाइक और साइकिल से चलना भी मुश्किल हो जाता था। लंबे समय से पीसीसी सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। विधायक रामसूर्या मुंडा ने ग्रामीणों की मांग को प्राथमिकता देते हुए विधायक मद से योजना स्वीकृत कराई, जिसके बाद सड़क का निर्माण पूरा हुआ।

नई सड़क बनने से स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और आम लोगों के लिए आवागमन आसान हो गया है। साथ ही कीचड़ और जलजमाव की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिली है। ग्रामीणों ने इसके लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी विकास कार्यों की गति इसी तरह जारी रहेगी।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि डिक्सन पूर्ति, मीका सोय, नोथरोथ पूर्ति, प्रखंड अध्यक्ष सालन ओड़ेया, सचिव कुंवारसिंह मुंडरी, जिला उपाध्यक्ष सनिका बोदरा सहित पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *