रांची सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
Ranchi : रांची के सदर अस्पताल में गुरुवार को इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चुटिया इलाके के रहने वाले इस व्यक्ति को परिजन इलाज के लिए आपातकालीन वार्ड में लाए थे। परिजनों के अनुसार, मरीज को भर्ती करने के बाद नर्स ने तीन इंजेक्शन लगाए। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का गुस्सा उबाल पर आ गया। मौत के बाद परिजन और वार्ड में मौजूद लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। नाराज लोग अस्पताल परिसर में शोर-शराबा करने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने परिजनों से बात कर मामला शांत कराया।
अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि अभी यह कहना मुश्किल है कि मौत की वजह क्या थी। पूरी जांच के बाद ही सही कारण पता चल पाएगा प्रशासन ने पोस्टमार्टम कराने और मेडिकल रिपोर्ट की समीक्षा करने की बात कही है।
