Home

पैरा एशियन स्वर्ण पदक विजेता विजय सुंडी का सम्मान, रोटरैक्ट क्लब ने बढ़ाया हौसला

पश्चिमी सिंहभूम, 29 अक्टूबर। जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल के तहत रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा ने गुरुवार को तूरतुंग आर्चरी फील्ड में पैरा एशियन स्वर्ण पदक विजेता विजय सुंडी को सम्मानित किया। क्लब के सदस्यों ने विजय सुंडी से मुलाकात कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी शानदार उपलब्धि की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान विजय सुंडी के कोच महर्षि मंडल सिंकू सहित आर्चरी से जुड़े अन्य खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाया गया।

विजय सुंडी की उपलब्धि से युवाओं को मिलेगी प्रेरणा

रोटरैक्ट क्लब के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कहा कि विजय सुंडी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें उचित अवसर और लगातार प्रोत्साहन मिलना जरूरी है। रोटरैक्ट क्लब स्थानीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।

सम्मान से खिलाड़ियों में बढ़ता है आत्मविश्वास

सम्मान मिलने के बाद विजय सुंडी ने रोटरैक्ट क्लब के सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मिलने वाला इस तरह का सम्मान और प्रोत्साहन उन्हें नई ऊर्जा देता है। इससे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास बढ़ता है।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में क्लब के सचिव सौरव गुप्ता, रवि अग्रवाल, सौरभ नेवटिया और अक्षय कुमार गुप्ता मौजूद रहे।

वहीं, कोच महर्षि मंडल सिंकू के साथ खिलाड़ी शैलस्ती बिरुआ, सोमती सिंकू, सोसामा बारी, आशा रानी बिरुली, राजा राम सुरिन, मोहित पूर्ति, हिमामोनी सिंकू और घनश्याम जामुदा भी उपस्थित रहे।

क्लब सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *